


स्थान: बद्रीनाथ

केंद्र सरकार की अनोखी पहल “वाइब्रेंट विलेज” के तहत उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय “देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल 2025 – वाइब्रेंट विलेज माना बद्रीनाथ” में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।



कॉलेज की टीम ने डॉ. नंदन रावत (असिस्टेंट प्रोफेसर, अर्थशास्त्र) और डॉ. धीरेंद्र डुंगरियाल (असिस्टेंट प्रोफेसर, समाजशास्त्र) के कुशल नेतृत्व में आयोजित सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर, एचएनबी मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जोशीमठ और एमजी इंटर कॉलेज जोशीमठ की टीमें शामिल रहीं।



कम संसाधनों के बावजूद छात्रों की इस उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी और समस्त महाविद्यालय परिवार ने छात्रों की मेहनत की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


इसके साथ ही, महाविद्यालय के 25 एनसीसी कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बद्रीनाथ में स्वच्छता रैली निकालकर देश-विदेश से आए पर्यटकों को स्वच्छता का संदेश दिया और स्वच्छ भारत अभियान को बल दिया।


यह उपलब्धि सीमांत क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का प्रमाण है। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत गांवों की लोक संस्कृति को प्रोत्साहन देना और वाइब्रेंट विलेज मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा प्रदान करना है।



