


लोकेशन्- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

एम्स के पास शिवाजी नगर तिराहे पर फिर से जीरो जोन का उल्लंघन होने लगा है। सुबह चार बजे से ही तिराहे और हाई कोर्ट गेस्ट हाउस के पास ठेली-रेहड़ी लगाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




कुछ ही दिनों पहले जीरो जोन उल्लंघन के मामले में पुलिस और अतिक्रमणकारियों के बीच हंगामा हुआ था, जिसमें चार महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था। इसके बावजूद अब वही स्थिति दोबारा बनती दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और नगर निगम से मांग की है कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और स्थायी रूप से इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



एम्स चौकी प्रभारी ने बताया कि दो दिन पहले अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान काटे गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमणकारियों ने नियम नहीं माने, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर आती है तो ठेली वाले भाग जाते हैं, लेकिन टीम के जाते ही पुनः कब्जा कर ठेली-रेहड़ी लगाते हैं, जिससे जीरो जोन में समस्या बढ़ती जा रही है।




