


रिपोर्ट : ऋषि कपूर

स्थान : हल्द्वानी


दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित तीन अवैध फैक्ट्रियों को तत्काल प्रभाव से सील कर उनके उत्पादों के सैंपल परीक्षण के लिए फूड एंड सेफ्टी विभाग को भेजा गया।



इस अभियान का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने किया।



टीम ने अब्दुल्ला बिल्डिंग, गांधी नगर, और बनभूलपुरा थाने के पीछे स्थित फैक्ट्रियों में छापेमारी की। निरीक्षण में पाया गया कि फैक्ट्रियों में गंदगी और अस्वच्छ माहौल में खील, बताशे और मिठाई तैयार की जा रही थीं।


अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी या अवैध उत्पादन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, और ऐसे मामलों में तुरंत फैक्ट्रियों को सील किया जाएगा।



प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अगर किसी भी खाद्य सामग्री में मिलावट या संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो फौरन अधिकारियों को सूचना दें, ताकि त्योहार के समय सुरक्षित और शुद्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।



