एलपीएल में पहली बार भारतीय खिलाड़ी, टूर्नामेंट 1 दिसंबर से श्रीलंका में

एलपीएल में पहली बार भारतीय खिलाड़ी, टूर्नामेंट 1 दिसंबर से श्रीलंका में

श्रीलंका की घरेलू टी20 फ्रेंचाइजी लीग लीग लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के छठे संस्करण में पहली बार भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह टूर्नामेंट 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगा। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है।

एलपीएल के इस सत्र में कुल 24 मुकाबले होंगे, जिसमें 20 ग्रुप चरण और चार नॉकआउट मुकाबले शामिल हैं। मुकाबले तीन प्रमुख स्थलों—कोलंबो का आर प्रेमादास स्टेडियम, कैंडी का पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और दांबुला का रानगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम—पर खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट प्रारूप:
लीग चरण में सभी पांच फ्रेंचाइजी एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो बार प्रतिस्पर्धा करेंगी। राउंड रॉबिन चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में जगह बनाएंगी।

  • शीर्ष दो टीमें क्वालिफायर-1 में भिड़ेंगी, विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगा।
  • तीसरे और चौथे स्थान की टीमें एलिमिनेटर में आमने-सामने होंगी। विजेता क्वालिफायर-2 में क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम से भिड़ेगा। फाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम इसी मुकाबले से तय होगी।

बीसीसीआई की अनुमति और भारतीय खिलाड़ी:
भारतीय खिलाड़ी अब तक किसी विदेशी टी20 लीग में हिस्सा नहीं लेते। केंद्रीय अनुबंध में शामिल खिलाड़ी और आईपीएल खेलने वाले खिलाड़ी विदेशी लीग में खेल नहीं सकते। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके खिलाड़ी बीसीसीआई की अनुमति लेकर इसमें भाग ले सकते हैं।

हाल ही में रविचंद्रन अश्विन ने ILT20 लीग में खेलने के लिए पंजीकरण कराया था, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। वहीं, दिनेश कार्तिक दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SAT20 में खेलते नजर आएंगे।

एलपीएल में भारतीय खिलाड़ियों के शामिल होने से पूरे क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का नया स्तर जुड़ने की उम्मीद है।