अल्मोड़ा में सहकारिता मेले का शुभारंभ, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने किया उद्घाटन

अल्मोड़ा में सहकारिता मेले का शुभारंभ, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने किया उद्घाटन

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थानं : अल्मोड़ा

अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में आयोजित सहकारिता मेले का आज केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और अन्य गणमान्यों ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक चलने वाला यह मेला सहकारिता क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों, समूहों और संगठनों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित और विक्रय करने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” मंत्र को साकार करते हुए ऐसे आयोजनों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों का अधिकतम उपभोग करें।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने सहकारिता विभाग के लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु ऋण राशि के चेक भी वितरित किए। 10 लाभार्थियों को 12.8 लाख रुपए की धनराशि प्रदान की गई, जिससे वे विभिन्न गतिविधियों में स्वरोजगार के लिए कार्य कर सकेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष और राज्य स्थापना के रजत जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में सहकारिता आंदोलन को मजबूती देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तराखण्ड राज्य में भी सहकारिता विभाग द्वारा सभी जनपदों में मेलों का आयोजन किया जा रहा है, और अल्मोड़ा में यह मेला इसी क्रम का हिस्सा है।

इस अवसर पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, मेयर अजय वर्मा, पूर्व चेयरमैन ललित लटवाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, संयुक्त निबंधक सहकारी समितियों नीरज बेलवाल, महाप्रबंधक मनोहर भंडारी, सहायक निबंधक रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य मौजूद थे। मौके पर बड़ी संख्या में जनता भी उपस्थित रही और मेले का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।