

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


चंपावत। जिले की ग्रामीण सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है, लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। ग्रामीण व वाहन चालक जान हथेली में रखकर यात्रा करने को मजबूर हैं। इसका प्रमुख उदाहरण लोहाघाट विधानसभा के चोमेल-रेगड़ू मोटर मार्ग है।



सामाजिक कार्यकर्ता अजय सिंह बिष्ट ने बताया कि इस मार्ग की डामर पूरी तरह उखड़ चुकी है और सड़क रोखड़ में तब्दील हो गई है। सड़क में गिरने और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। आए दिन दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं और वाहन भी नुकसान झेल रहे हैं।



अजय बिष्ट ने बताया कि कई बार लोक निर्माण विभाग लोहाघाट को सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया और डामरीकरण की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सड़क की नालियां और स्क्वर बंद हैं, कॉजवे टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर सड़क पर कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।


अजय बिष्ट ने शासन, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क का सुधार और डामरीकरण जल्द कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि चोमेल क्षेत्र की अधिकांश सड़कों की बदहाली गंभीर है और लगता है प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।



