चंपावत के स्वाला डेंजर जोन में मलवे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, यातायात बाधित

चंपावत के स्वाला डेंजर जोन में मलवे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, यातायात बाधित

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला डेंजर जोन में मंगलवार को भारी मलवा आ जाने के कारण सड़क बंद हो गई, जिससे यात्री और वाहन फंसे हुए हैं। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी सड़क पूरी तरह खुल नहीं सकी। फंसे हुए यात्रियों को पैदल पार करा कर सुरक्षित स्थानों पर ट्रांसफर किया गया।

सड़क बंद होने के कारण रोडवेज का संचालन भी ठप पड़ा है। प्रशासन ने छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। चंपावत से टनकपुर जाने वाले छोटे वाहनों को धौन-ड्यूरी-बेलखेत मार्ग से और टनकपुर से चंपावत जाने वाले वाहनों को अमोडी-छतकोट-सिंप्टी मार्ग से भेजा जा रहा है। बड़े वाहनों के लिए पिथौरागढ़ से टनकपुर आने वाले वाहनों को घाट-दनिया या लोहाघाट-देवीधुरा-हल्द्वानी मार्ग और चंपावत आने वाले वाहनों को हल्द्वानी-देवीधुरा मार्ग से भेजा जा रहा है।

स्वाला डेंजर जोन में लगातार पानी रिसने से सड़क धस रही है, जिससे बड़े वाहनों का संचालन जोखिम भरा हो गया है। एनएच की मशीनें सड़क को सुचारू करने में जुटी हुई हैं, लेकिन अभी सड़क कब पूरी तरह खुलेगी, इसकी जानकारी नहीं है। बुधवार को सड़क खुलने की संभावना जताई जा रही है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जोन का निरीक्षण कर संबंधित विभाग को सड़क जल्दी खोलने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता से वैकल्पिक मार्गों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है। सड़क बंद रहने से चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में यातायात प्रभावित हो रहा है और लोगों में भारी नाराजगी है।