

UKSSSC भर्ती घोटाले को लेकर पुलिस से झड़प, पुतला दहन नाकाम

हरिद्वार। धनौरी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता UKSSSC भर्ती घोटाले को लेकर सड़क पर उतर आए और जमकर नारेबाजी की।



युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने ऐसा होने नहीं दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।



प्रदर्शनकारियों ने भर्ती घोटाले के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी तय कर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।


युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उधर, UKSSSC मामले को लेकर हरिद्वार से लेकर राजधानी देहरादून तक प्रदर्शन का दौर जारी है।



