अखिल भारतीय मुस्लिम महासम्मेलन: काशीपुर से रवाना हुआ बड़ा काफिला, शांति और एकता का संदेश

अखिल भारतीय मुस्लिम महासम्मेलन: काशीपुर से रवाना हुआ बड़ा काफिला, शांति और एकता का संदेश

दिल्ली में 27 सितंबर को होने जा रहे सम्मेलन में उत्तराखंड से हजारों प्रतिभागी शामिल होंगे

रिपोर्टर: अज़ीम खान

लोकेशन: काशीपुर

27 सितंबर को आयोजित होने वाले अखिल भारतीय मुस्लिम महासम्मेलन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। काशीपुर से आज रात दो बड़ी बसें दिल्ली के लिए रवाना हुईं, जिनमें सैकड़ों लोग शामिल हैं। इन बसों को काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक बाली ने झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के सदस्य व मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के क्षेत्रीय संयोजक डॉ. मोहम्मद हसन नूरी ने बताया कि उत्तराखंड से इस सम्मेलन में हजारों लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा, “अखिल भारतीय मुस्लिम महासम्मेलन देश में शांति और भाईचारे का पैग़ाम देगा। हमारा नारा — ‘हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई… आपस में हैं भाई-भाई’ — धर्मनिरपेक्ष भारत के सिद्धांतों को सशक्त करेगा।”

डॉ. नूरी ने सम्मेलन के उद्देश्य के बारे में बताया कि यह मंच नफ़रत और हिंसा के खिलाफ आवाज़ उठाएगा, मॉब लिंचिंग और आतंकवाद जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में सामाजिक संकल्प बुलंद करेगा और गंगा–जमुनी तहज़ीब को मजबूत बनाकर सर्वधर्म एकता को बढ़ावा देगा।

आयोजक उम्मीद जताते हैं कि यह आयोजन केवल एक समागम नहीं बल्कि देश की नई तस्वीर और एकता की नई तकदीर गढ़ने का अवसर बनेगा, जहाँ “हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई… सबका है ये हिंदुस्तान” का संदेश जोर-शोर से गूंजेगा।