भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हराकर एशिया कप फाइनल में की एंट्री

भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हराकर एशिया कप फाइनल में की एंट्री

भारत ने बुधवार को एशिया कप 2025 में बांग्लादेश को 41 रन से हराकर तीसरी बार टी-20 फॉर्मेट के इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने बांग्लादेश को टी-20 इंटरनेशनल में 17वीं बार हराने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

मुस्तफिजुर रहमान बने बांग्लादेश के टॉप टी-20 विकेट टेकर
बांग्लादेश के लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान ने इस मैच में भारत के खिलाफ 33 रन देकर 1 विकेट लिया। इसी के साथ उन्होंने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में 150 विकेट पूरे कर लिए और बांग्लादेश के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टी-20 गेंदबाज बन गए। उन्होंने स्पिनर शाकिब अल हसन (149 विकेट) को पीछे छोड़ दिया।

भारत बना एशिया कप में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाली टीम
मौजूदा एशिया कप में भारत ने 5 मैचों में कुल 12 कैच छोड़े। बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने अकेले 5 कैच छोड़ दिए। इस लिहाज से भारत टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाली टीम बन गई। इसके बाद हॉन्ग कॉन्ग का नाम आता है, जिन्होंने 3 मैचों में 11 कैच छोड़े।

एशिया कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड भारत के नाम
टी-20 और वनडे मैचों को मिलाकर भारत ने एशिया कप में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। टीम ने अब तक 70 मैचों में 48 जीत दर्ज की हैं। भारत ने श्रीलंका (47 जीत, 24 हार) को पीछे छोड़ते हुए सबसे सफल टीम होने का गौरव हासिल किया है।

दुबई में 7 साल बाद फुल मेंबर टीम 170 से कम रन पर हारी
बांग्लादेश 169 रन का पीछा नहीं कर पाई। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में ऐसा 2018 के बाद पहली बार हुआ, जब फुल मेंबर देशों के बीच कोई टीम 170 से कम का टारगेट पूरा नहीं कर पाई थी।

अभिषेक शर्मा के शानदार आंकड़े
टी-20 डेब्यू (जुलाई 2024) के बाद अभिषेक शर्मा ने 21 पारियों में 58 छक्के जड़े। फुल मेंबर नेशंस के प्लेयर्स में उनके नाम सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में 7वां स्थान है। अभिषेक हर 6.83 बॉल पर एक छक्का लगाते हैं और पावरप्ले में उनके 32 छक्के सबसे प्रभावशाली साबित हुए हैं।

उनकी खासियत यह भी है कि उन्होंने 50 टी-20 इंटरनेशनल छक्के सबसे कम गेंदों (331) में पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अपना 50वां सिक्स जड़ा।