

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : सचिन कुमार


कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने खरीफ फसलों की खरीद के 72 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय स्थित देवेंद्र शास्त्री भवन में मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की बैठक में धान और मंडुआ की खरीफ फसल की तैयारियों की समीक्षा की गई।



बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार किसानों को उनकी उपज का भुगतान नियमानुसार 48 से 72 घंटे के भीतर हर हाल में किया जाए। केंद्र सरकार ने इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और मंडुआ का 4886 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। राज्य सरकार ने किसानों को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट पहले ही प्रावधान किया है।



रेखा आर्या ने फसल भंडारण के लिए गोदाम सुविधाओं को बढ़ाने और खरीफ की खरीद के लिए जूट के बैग की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को जारी किए। बैठक में एफसीआई, मंडी समिति और राइस मिल संगठन के प्रतिनिधियों की ओर से रखी गई मांगों के शीघ्र समाधान का भी आश्वासन दिया गया।


इस साल धान खरीद का लक्ष्य 7.50 लाख मीट्रिक टन और मंडुआ का 5000 मीट्रिक टन तय किया गया है। मंत्री ने बताया कि गढ़वाल मंडल में पिछले साल 120 के मुकाबले इस साल 135 और कुमाऊं मंडल में 564 के मुकाबले 600 खरीद केंद्र बनाए जाएंगे।


