मसूरी आपदा: कांग्रेस ने राहत कार्य संभाले, सरकार पर भेदभाव के आरोप

मसूरी आपदा: कांग्रेस ने राहत कार्य संभाले, सरकार पर भेदभाव के आरोप

रिपोर्टर : सुनील सोनकर

स्थान : मसूरी

मसूरी। हाल ही में मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में आई भीषण आपदा ने जनजीवन और पर्यटन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों की कमान संभाली और सरकार पर राजनीतिक भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए।

प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली ने आपदा प्रभावित गरीब, मजदूर और रिक्शा चालकों के बीच राशन सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि जहां सरकारी वाहन नहीं पहुंच पा रहे, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल राहत लेकर जा रहे हैं, जबकि सरकार केवल फोटो खिंचवा रही है।

गोदावरी थापली ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहत कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को काम करने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने बताया कि मसूरी का पर्यटन पूरी तरह तबाह हो गया है और होटल व्यवसायी, दुकानदार तथा स्थानीय लोग आजीविका संकट का सामना कर रहे हैं।

कांग्रेस ने मसूरी एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को 8 सूत्रीय ज्ञापन भेजा, जिसमें मुआवजा, पुनर्वास, सड़कों की मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी मांगें शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने कांग्रेस के राहत कार्यों की सराहना की और सरकार की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई।