पेपर लीक पर फूटा छात्रों का गुस्सा, रानीखेत में सरकार का पुतला दहन

पेपर लीक पर फूटा छात्रों का गुस्सा, रानीखेत में सरकार का पुतला दहन

स्थान : रानीखेत

यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय पटवारी भर्ती परीक्षा में एक बार फिर पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद रानीखेत में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को रानीखेत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व हर्षित रौतेला ने किया। इस दौरान “धामी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक करने वाली सरकार होश में आओ” और “युवाओं का हक दो, वरना गद्दी छोड़ो” जैसे नारे गूंजते रहे।

छात्रों का कहना था कि प्रदेश में बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खुला मज़ाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया लगातार सक्रिय हैं और सरकार उन्हें रोकने में पूरी तरह असफल रही है।

छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

छात्रों की मांगें:

  • पेपर लीक के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए
  • परीक्षा रद्द कर दोबारा निष्पक्ष परीक्षा कराई जाए
  • आयोग की कार्यप्रणाली की न्यायिक जांच कराई जाए
  • प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए

इस विरोध प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस महासचिव अंकित रावत, रुद्र प्रताप सिंह माहरा, दीपक सोंटियाल, संध्या रावत, गीतांजलि जोशी, दीक्षांत, उदय, ललित नेगी, प्रेम रावत सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।