

स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


21 सितंबर को आयोजित यूकेएसएसएससी (उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) की भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने की खबर से लोहाघाट के बेरोजगार युवाओं में भारी आक्रोश फैल गया है। सोमवार को दर्जनों की संख्या में युवा एसडीएम कार्यालय लोहाघाट पहुंचे और सरकार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।


युवाओं ने मांग की कि—


- भर्ती परीक्षा तत्काल रद्द की जाए,
- पेपर लीक प्रकरण की CBI से जांच कराई जाए,
- दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए,
- और सरकार नकल माफियाओं पर लगाम लगाने में विफल रही है, इस पर जवाब दे।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह सरकार की प्रशासनिक नाकामी है और इससे प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यह अन्याय ऐसे ही चलता रहा, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में युवा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।


कल 23 सितंबर को विशाल आक्रोश रैली

युवाओं ने जानकारी दी कि 23 सितंबर को चंपावत में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से लेकर डीएम कार्यालय तक एक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी। इस रैली में पूरे जिले के बेरोजगार युवाओं के शामिल होने की अपील की गई है। युवाओं ने चेतावनी दी कि यह केवल शुरुआत है — जब तक न्याय नहीं मिलता, आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

युवाओं ने यह भी मांग की कि—
- बर्दीधारी (पुलिस आदि) परीक्षाओं की नियमावली में संशोधन किया जाए,
- आयु सीमा बढ़ाई जाए,
- और भविष्य में पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू की जाए।
आंदोलन की सूचना ज्ञापन के माध्यम से एसडीएम लोहाघाट को भी दी गई है।



