खटीमा: 210 लीटर कच्ची शराब बरामद, 6000 किलो लाहन नष्ट

खटीमा: 210 लीटर कच्ची शराब बरामद, 6000 किलो लाहन नष्ट

स्थान -खटीमा उधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमन कन्याल के नेतृत्व में आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने खटीमा क्षेत्र-2 अंतर्गत चादा गांव के जंगलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 लीटर कच्ची शराब बरामद की और लगभग 6000 किलोग्राम लाहन को मौके पर ही नष्ट किया।

यह कार्रवाई संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं के.के. कांडपाल के निर्देशानुसार 11 से 20 सितंबर तक चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतिम दिन की गई। इस दौरान जंगल में स्थित चार जलती हुई भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया।

सहायक आबकारी आयुक्त प्रतिमन कन्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान आबकारी आयुक्त आराधना पाल के निर्देशन में उधम सिंह नगर जिले में कच्ची शराब माफियाओं के विरुद्ध चलाया गया। अभियान के लिए जिले में विशेष टास्क फोर्स गठित की गई थी, जो विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है।

कार्यवाही के दौरान आबकारी निरीक्षक लालू राम, उप-निरीक्षक जगदीश कुमार, आबकारी सिपाही और अपराध निरोधक क्षेत्र वन, रुद्रपुर व खटीमा क्षेत्र-2 की प्रवर्तन टीमें मुख्य रूप से शामिल रहीं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेंगी ताकि जिले को अवैध शराब कारोबार से मुक्त कराया जा सके।