अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन साल, नैनीताल में नागरिकों ने निकाला विरोध जुलूस, न्याय की मांग तेज

अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन साल, नैनीताल में नागरिकों ने निकाला विरोध जुलूस, न्याय की मांग तेज

रिपोर्ट : सुनील बोरा
स्थान : नैनीताल

अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीन वर्ष पूरे होने के बावजूद अब तक पीड़िता को पूर्ण न्याय नहीं मिलने पर नैनीताल में जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से विरोध जताया। गुरुवार को श्री रामसेवक सभा प्रांगण से लेकर तल्लीताल गांधी चौक तक एक जुलूस और प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि “तीन साल बाद भी अंकिता को न्याय नहीं मिलना राज्य सरकार की संवेदनहीनता का परिचायक है।” उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह सबूत मिटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

माहरा ने यह भी कहा कि जैसे कशिश के हत्यारे सुप्रीम कोर्ट से सरकारी पक्ष की कमजोर पैरवी के चलते बरी हो गए, उसी तरह अंकिता भंडारी केस में भी न्याय में देरी हो रही है और जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने ‘अंकिता को न्याय दो’, ‘दोषियों को फांसी दो’ जैसे नारों के साथ राज्य सरकार से सीबीआई जांच की मांग और न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की।

जनता का कहना है कि अगर सरकार ने शीघ्र न्याय नहीं दिलाया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।