खटीमा में आवारा पशुओं से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन पर सवाल

खटीमा में आवारा पशुओं से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन पर सवाल

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों पर घूम रहे इन मवेशियों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ की जान भी चली गई है।

ताज़ा मामला चकरपुर इलाके का है, जहां एक बाइक सवार युवक की आवारा पशु से टकराकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है।

समाजसेवी एवं भूतपूर्व सैनिक विनोद जोशी ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर आश्रय स्थलों में रखा जाए। वहीं शिवसेना के जिला अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भी चिंता जताते हुए कहा कि शहर में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस दिशा में कार्रवाई नहीं की तो हिंदूवादी संगठन मजबूरन उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिलता और चोटिल जानवरों की देखभाल भी समय पर नहीं हो पाती, जिससे स्थिति और खराब होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।