

रिपोर्ट – हरीश भण्डारी

अल्मोड़ा
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) का क्वाराब क्षेत्र के पास पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अवरुद्ध रहना स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। पूरा पहाड़ी क्षेत्र खिसकने के कारण यह मार्ग बाधित है, और अब स्थिति यह है कि पिछले 10 दिनों से यहां आवाजाही पूरी तरह से बंद है।



वर्तमान में एनएच विभाग द्वारा सड़क निर्माण और पहाड़ी से मलबा हटाने का कार्य जारी है, लेकिन कार्य की धीमी गति और बार-बार अवरुद्ध होने के चलते लोगों का धैर्य टूटता नजर आ रहा है।


लोधीया के व्यापारियों में उबाल
लोधीया, जो कि अल्मोड़ा की प्रसिद्ध बाल मिठाई की मुख्य मंडी मानी जाती है, वहां के व्यापारियों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि इस मार्ग के बंद होने से न केवल उनका व्यापार ठप हो गया है, बल्कि मिठाई सड़ने लगी है और भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।




बढ़े सब्जी और फलों के दाम
मार्ग बाधित होने का असर सिर्फ व्यापार तक ही सीमित नहीं है। अल्मोड़ा शहर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे सब्जियों और फलों के दामों में भारी उछाल आया है। आम जनता को रोजमर्रा की चीजों के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है।


स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने मांग की है कि एनएच विभाग मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु रूप से बहाल करे। साथ ही, वैकल्पिक रास्तों की बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि आपूर्ति श्रृंखला बाधित न हो और व्यापार सामान्य रूप से संचालित हो सके।



