रुद्रपुर में नगर निगम ने किच्छा रोड पर 2 एकड़ सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, 30 करोड़ की जमीन पर वापस मिला कब्ज़ा

रुद्रपुर में नगर निगम ने किच्छा रोड पर 2 एकड़ सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, 30 करोड़ की जमीन पर वापस मिला कब्ज़ा

रिपोर्ट- चेतन बत्रा
स्थान- उधम सिंह नगर

रुद्रपुर
नगर निगम रुद्रपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा रोड स्थित कुष्ठ आश्रम के पास वर्षों से अतिक्रमण की शिकार लगभग 2 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमणकारियों से मुक्त करा लिया। निगम की टीम ने पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की, जो काफी समय से लंबित थी।

बताया जा रहा है कि इस भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्ज़ा किया हुआ था, जिसे लेकर वर्ष 2019 से उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन था। कोर्ट के आदेश के बाद आज नगर निगम की टीम ने लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए पूरी जमीन पर पुनः कब्ज़ा हासिल कर लिया।

30 करोड़ रुपये से अधिक की बताई जा रही है कीमत
रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने जानकारी दी कि यह भूमि हाईवे के किनारे स्थित है और इसकी बाजार कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम ने कोर्ट में प्रभावी पैरवी करते हुए यह निर्णय अपने पक्ष में सुनिश्चित किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

जनहित में किया जाएगा उपयोग
मेयर विकास शर्मा ने आगे बताया कि सरकार के निर्देशानुसार इस मूल्यवान भूमि का उपयोग जनहित के कार्यों के लिए किया जाएगा। आने वाले समय में यहां पर आम जनता के लिए उपयोगी योजनाएं संचालित की जा सकती हैं।

नगर निगम की इस कार्रवाई से न केवल अतिक्रमण हटाया गया, बल्कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी एक मजबूत संदेश गया है। स्थानीय जनता ने इस कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस तरह की प्रभावी कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।