


हरिद्वार
(संवाददाता): शहजाद अली
आमजन को सुरक्षा देने वाली पुलिस खुद खतरे में पड़ जाए, तो हालात की गंभीरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। ऐसा ही एक अनोखा मामला हरिद्वार के भीमगोडा क्षेत्र में सामने आया, जहां एक पुलिस वैन में अचानक एक विशाल अजगर घुस आया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।



घटना बीती रात की है, जब पुलिस कर्मियों ने देखा कि वैन में एक बड़ा अजगर ड्राइवर सीट के पास कुंडली मारे बैठा है। डर और सतर्कता के बीच वन विभाग को रात करीब 2:00 बजे सूचना दी गई। सूचना मिलने पर हरिद्वार रेंज से वनकर्मी संतन सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से वैन से बाहर निकाल लिया गया।

अजगर की लंबाई 8 से 9 फीट
हरिद्वार रेंज अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अजगर लगभग 8 से 9 फीट लंबा था। रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद सावधानीपूर्वक किया गया ताकि न तो अजगर को कोई नुकसान हो और न ही किसी पुलिसकर्मी को।



वन विभाग द्वारा जारी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अजगर पुलिस वैन में प्रवेश कर गया था और ड्राइवर सीट के पास सर्पिल अवस्था में बैठा हुआ था।

शहर में बढ़ रही है वन्यजीवों की आवाजाही
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ समय से हरिद्वार में वन्यजीवों की शहरी इलाकों में आमद बढ़ गई है। हाल ही में भेल क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी देखी गई थी, वहीं जगदीशपुर क्षेत्र में हाथियों के भी रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।


प्रशासन और वन विभाग की सतर्कता जरूरी
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन और वन विभाग की जिम्मेदारियों को और बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों से सटे इलाकों में अतिक्रमण, वन क्षेत्र में मानवीय हस्तक्षेप और भोजन की कमी के कारण जंगली जानवर शहरी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं।




