

स्थान- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

मंगलौर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान अंकित पुत्र मयंक, निवासी नजरपूरा, के रूप में हुई है।


वह बाइक पर सवार होकर मंगलौर की ओर जा रहा था, तभी शराब के ठेके के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने उसे कुचल दिया। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।



हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हाईवे को जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।


स्थिति को संभालने के लिए मौके पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ विवेक कुमार, कोतवाली प्रभारी शांति कुमार सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की और उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार बस चालक की तलाश जारी है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




