“धामी ही रहेंगे मुख्यमंत्री, 2027 तक स्थिरता के साथ चलेंगी सरकार” – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

“धामी ही रहेंगे मुख्यमंत्री, 2027 तक स्थिरता के साथ चलेंगी सरकार” – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

स्थान – देहरादून

उत्तराखंड की सियासत में बीते कुछ समय से मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न केवल पूरे 5 साल का कार्यकाल स्थिरता के साथ पूरा करेंगे, बल्कि 2027 का विधानसभा चुनाव भी धामी के चेहरे पर लड़ा जाएगा।

राजनीतिक गलियारों में इन दिनों कैबिनेट विस्तार, भाजपा नेताओं की अंदरूनी नाराजगी, और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को लेकर चर्चाएं जोरों पर थीं। इन तमाम अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने तल्ख लहजे में कहा,

“यह उत्तराखंड की राजनीति का दृश्य रहा है कि जब कोई मुख्यमंत्री चार साल पूरा करता है, तो परिस्थितियों के बिगड़ने की अफवाहें मीडिया के माध्यम से उड़ाई जाती हैं। लेकिन हम स्पष्ट कर दें कि इस बार ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा।”

भट्ट ने यह भी कहा कि भाजपा नेतृत्व और संगठन मुख्यमंत्री धामी के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को अस्थिर दिखाने की कोशिशें राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं, जिन्हें जनता भलीभांति समझती है।

धामी सरकार के नेतृत्व में भाजपा ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं और विकास को गति दी है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनके काम से प्रसन्न है, ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को सिरे से खारिज किया गया है।

इस बयान के बाद साफ है कि भाजपा नेतृत्व फिलहाल किसी बदलाव के मूड में नहीं है, और पार्टी का पूरा फोकस 2027 की तैयारी और राज्य में स्थिर सरकार देने पर है।