गोला नदी में महिला का शव मिलने से सनसनी, तीन दिन से लापता थी तुलसी देवी

गोला नदी में महिला का शव मिलने से सनसनी, तीन दिन से लापता थी तुलसी देवी

रिपोर्टर : दीपक अधिकारी

स्थान : हल्द्वानी

गोला नदी में गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान खन्स्यु निवासी 52 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी स्वर्गीय तेज राम के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिन पूर्व जंगल में घास काटते समय अचानक गदेरे के तेज बहाव में बह गई थीं।

परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। घटना के दिन गदेरे के पास तुलसी देवी की चप्पल और दराती मिलने से अनुमान लगाया गया कि वे बहाव में बह गई होंगी। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने गोला नदी में एक शव देखा और तुरंत थाना बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी।

शव नदी के बीचों-बीच फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए पुलिस ने एसडीआरएफ (SDRF) की मदद ली। टीम ने गोताखोरी कर शव को बाहर निकाला। शव की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर भीमताल विधायक राम सिंह केड़ा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उनके साथ वार्ड 24 पार्षद सलीम सेफी, थाना बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसडीआरएफ की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने भी शव को निकालने में पुलिस और एसडीआरएफ का भरपूर सहयोग किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है।