

रिपोर्टर : संजय कुंवर
स्थान : चमोली


चमोली जनपद में लगातार हो रही बारिश और आपदा की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर 15 सितम्बर 2025 तक रोक लगा दी है। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं। यह निर्णय सोमवार को हुई वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा की गई।


आपदा प्रबंधन को लेकर दिए कड़े निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है और जिले में भूस्खलन और अन्य आपदाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी तैनाती स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अनुपस्थित पाए जाने पर उनके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पोकलैंड, जेसीबी, वुड कटिंग मशीन समेत अन्य जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।


पीआरडी जवानों की मदद लेने के निर्देश
जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे खाना पकाने और वाहन चलाने में दक्ष पीआरडी जवानों को चिन्हित करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल किया जा सके।

तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश

जिलाधिकारी ने राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों की तहसील व विकासखंड स्तर पर सुनिश्चित तैनाती के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत कार्य शुरू किए जा सकें।
राहत केंद्रों में भोजन और गैस की व्यवस्था

जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे राहत केंद्र कुलसारी और चेपड़ों में भोजन व्यवस्था चाक-चौबंद रखें और रसोई गैस की आपूर्ति घर-घर तक पहुंचाने की व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


