


स्थान : रामनगर
रिपोर्टर : अकरम चौधरी



रामनगर क्षेत्र में मंगलवार को औषधि विभाग की टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई करते हुए 12 मेडिकल स्टोर्स पर दबिश दी। इस कार्रवाई की भनक लगते ही कई मेडिकल स्टोर स्वामी अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से फरार हो गए।



नैनीताल जनपद की वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि यह अभियान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया। छापेमारी के दौरान महालक्ष्मी मेडिकल, न्यू लाइफ मेडिकल और हैप्पी लाइफ मेडिकल में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिनके चलते इन तीनों मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।


इसके अलावा दो अन्य मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षक बिष्ट ने बताया कि जिन मेडिकल स्टोर्स ने कार्रवाई के दौरान अपनी दुकानें बंद कर दीं और मालिक फरार हो गए, उनकी सूची बनाई जा रही है।



शीघ्र ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद होने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया है और लाइसेंस रद्द करने की संस्तुति भेज दी गई है।


विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



