पौड़ी में धारा रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, महिलाओं ने जताया विरोध

पौड़ी में धारा रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, महिलाओं ने जताया विरोध

स्थान : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई

धारा रोड स्थित कंडोलिया मंदिर के समीप मंगलवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अस्थायी दुकानों को हटा दिया।

इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासनिक दल ने कड़ी निगरानी में अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें राजस्व विभाग, पुलिस बल, नगर पालिका और जिला विकास प्राधिकरण की टीम शामिल थी।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट जोशी ने कहा, “शहर में अवैध अतिक्रमण यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहा है। इस कारण हमें सख्त कदम उठाने पड़ रहे हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि जिन व्यापारियों की दुकानें हटाई गई हैं, उनके वैकल्पिक पुनर्स्थापन को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।