


स्थान : डोईवाला (देहरादून)



लच्छीवाला रेंज में वन विभाग द्वारा विश्व हाथी दिवस (World Elephant Day) पर हाथियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।



इस दौरान ‘हाथी की चिट्ठी’ के माध्यम से हाथियों की घटती संख्या, बढ़ते अवैध शिकार, घटते जंगल और इंसानी क्षेत्रों की ओर हाथियों के बढ़ते रुख पर चिंता व्यक्त की गई।



कार्यक्रम में वृक्षारोपण कर यह संदेश दिया गया कि पेड़ न केवल पर्यावरण के लिए, बल्कि वन्यजीवों और इंसानों के सह-अस्तित्व के लिए भी बेहद आवश्यक हैं।



इस मौके पर डोईवाला विधायक ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और कहा, “आज हाथियों की आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में हमें हाथी कॉरिडोर में शांति और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना होगा।”


उन्होंने लच्छीवाला टोल प्लाजा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि, “ना जाने किस सोच के तहत हाथी कॉरिडोर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में टोल स्थापित किया गया। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि इस टोल को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।”



कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, पर्यावरण प्रेमी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया। विभाग की ओर से बताया गया कि हाथियों की सुरक्षा को लेकर आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।




