
स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने चैकबहड़ी, हैड़ियागांव, सुंदरखाल, लेटीबुंगा, चौरलेख, कोटलाखरक, शशबनी, सुनकिया और भटेलिया सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष बिजली, पानी, सड़क सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई गई।




ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क मार्गों को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।



इसके साथ ही मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जिन मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य चल रहा है, उसे गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।




उन्होंने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराना आवश्यक है। सरकार यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है कि आम लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और विकास कार्यों का फायदा गांव-गांव तक पहुंचे।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

