

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


रानीखेत, 12 अगस्त 2025: सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में “आजादी का अमृत महोत्सव” के तत्वाधान में आयोजित “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत सशस्त्र सीमा बल सीमान्त मुख्यालय, रानीखेत ने भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया।



इस रैली का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को देश की आजादी की महत्ता से अवगत कराना तथा आजादी में योगदान देने वाले महापुरुषों की स्मृति को पुनः जागृत करना था।



“भारत माता की जय” के जयघोष के साथ निकली इस बाइक रैली में सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आम जनता को जागरूक किया कि वे 13 से 15 अगस्त 2025 तक गर्व के साथ अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं।



यह अभियान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से समाज के सभी वर्गों तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में आयोजित किया गया। बाइक रैली सीमान्त मुख्यालय, रानीखेत से शुरू होकर तिरंगा चौक, रानीखेत बाजार, नर्सिंग ग्राउंड होते हुए गनियाद्योली में सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम में दुर्गा बहादुर सोनार (उप-महानिरीक्षक), ओ. बी. सिंह (उप-महानिरीक्षक, चिकित्सा), देबासिस पाल (कमांडेंट), कुमार सुंदरम (द्वितीय-कमान-अधिकारी), अनिल कुमार जोशी (उप-कमांडेंट, संचार), प्रभाकर (उप-कमांडेंट) सहित अन्य बल कर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया।


यह कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस के उल्लास को बढ़ाते हुए देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




