

स्थान : बाजपुर
रिपोर्ट : अकरम चौधरी



उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजपुर नगर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी सड़कों से होता हुआ घरों में घुस चुका है, जिससे लोग घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं।


झारखंडी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक मुख्य रास्ता पूरी तरह बह गया, जिससे तीन गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।



गांवों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाना भी चुनौती बन गया है। स्थानीय निवासी प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं कि कब मदद पहुंचेगी।



बारिश का असर केवल आबादी पर ही नहीं, बल्कि किसानों की फसलों पर भी पड़ा है। धान के खेतों में पानी भरने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।


खेतों में जलभराव के कारण फसलें सड़ने की कगार पर हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में चिंता और निराशा का माहौल है।


जनता की उम्मीदें अब सरकार और प्रशासन से जुड़ी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें जल्द से जल्द इस संकट से बाहर निकाला जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति न दोहराई जाए, इसके लिए स्थायी और ठोस समाधान किए जाएं।




