हरिद्वार में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
रिपोर्टर – मनोज कश्यप

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है।

हरिद्वार में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं गंगा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है।

हरिद्वार स्थित भीमगोडा बैराज से बहने वाली गंगा नदी चेतावनी स्तर को पार कर गई है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, गंगा का वर्तमान जलस्तर 293.10 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि चेतावनी स्तर 293 मीटर निर्धारित है।

यानी गंगा नदी 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने और आवश्यक होने पर ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और एनडीआरएफ की टीमें भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रखी गई हैं।