हरिद्वार: ऋषिकुल से जमुना पैलेस तक सड़क बनी अखाड़ा, नशे में धुत युवकों का बवाल, पुलिस ने कसी नकेल

हरिद्वार: ऋषिकुल से जमुना पैलेस तक सड़क बनी अखाड़ा, नशे में धुत युवकों का बवाल, पुलिस ने कसी नकेल

स्थान : हरिद्वार

रविवार रात ऋषिकुल से जमुना पैलेस के बीच की सड़क पर शराब के नशे में धुत युवकों के बीच जबरदस्त झगड़ा हो गया। देखते ही देखते सड़क अखाड़े में तब्दील हो गई और आम लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया। करीब आधे घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा अचानक शुरू हुआ और एक युवक को गिरा-गिराकर कई युवकों ने लात-घूंसों और लाठियों से बेरहमी से पीटा। आसपास मौजूद राहगीरों ने जब यह नजारा देखा तो डर के मारे मौके से दूर हट गए। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही मायापुर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े में शामिल युवकों को काबू में करने में जुट गई।

कई युवकों को हिरासत में लिया गया और इलाके को सुरक्षा के लिहाज से अस्थायी रूप से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और झगड़े के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।