खटीमा में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने की कई बड़ी घोषणाएं

खटीमा में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने की कई बड़ी घोषणाएं

स्थान – खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

उत्तराखंड सरकार खटीमा को पर्यटन के नक्शे पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए बड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में आज पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने खटीमा क्षेत्र का दौरा किया और पर्यटन, शिक्षा व बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं।

खटीमा-पीलीभीत बॉर्डर पर बनेगा भव्य प्रवेश द्वार
पर्यटन सचिव ने बताया कि खटीमा-पीलीभीत बॉर्डर पर एक सुंदर व आकर्षक प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्य सड़कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिनमें फूलों की सजावट और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था होगी।

सिटी फॉरेस्ट पार्क से सजेगा खटीमा-पीलीभीत रोड
पर्यटन को नया आयाम देने के लिए खटीमा-पीलीभीत मार्ग पर 16 हेक्टेयर भूमि पर एक भव्य सिटी फॉरेस्ट पार्क विकसित किया जाएगा। इस पार्क में फूलों और पौधों के साथ वॉकिंग पाथवे, योगा और मेडिटेशन सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी।

चूका फॉरेस्ट कैम्प बनेगा इको-पर्यटन स्थल
शारदा डैम के किनारे स्थित चूका फॉरेस्ट कैम्प को इको-पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। यहां सोलर फेंसिंग, सोलर लाइटिंग, हट्स, कैफे और एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए वन विभाग को आर्किटेक्ट से प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मां पूर्णागिरी मंदिर का निर्माण कार्य सितंबर तक होगा पूरा
नगला तराई क्षेत्र में 2.54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मां पूर्णागिरी मंदिर का निर्माण कार्य सितंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर परिसर में पेयजल, सोलर लाइट, शौचालय और पार्किंग जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी मिलेगी मजबूती
खटीमा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए 5 नई लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। साथ ही, 3 विद्यालयों में भी पुस्तकालय सुविधाएं शुरू की जाएंगी।

अधिकारियों के साथ बैठक, विकास योजनाओं पर हुआ मंथन
दौरे के दौरान पर्यटन सचिव ने विकासखंड कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, उप जिलाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खटीमा में पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के इन विकास कार्यों से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में भी स्थापित होगी।