


शहजाद अली

हरिद्वार

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास और उसके बाद छत से नीचे फेंके जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार हैं।



घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गौशाला में ले जाकर किया हमला, विरोध पर किशोरी को फेंका


शनिवार को एक युवक, जो पीड़िता के गांव का ही निवासी बताया जा रहा है, किशोरी को बहला-फुसलाकर बाइक पर गांव के पास खेतों में बनी एक गौशाला में ले गया, जहां पहले से उसके दो साथी पहले से मौजूद थे।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान, अन्य ग्रामीण युवकों को शक हुआ और उन्होंने गौशाला की ओर रुख किया, लेकिन गेट अंदर से बंद मिला।


शोर सुनकर घबराए आरोपियों ने किशोरी को गौशाला की छत से गन्ने के खेतों की ओर फेंक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।


मुख्य आरोपी फरार, एक हिरासत में
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक के भाई को हिरासत में लिया है, जबकि तीनों आरोपी फरार हैं।
तहरीर के इंतज़ार में पुलिस, मेडिकल रिपोर्ट से होगी स्थिति स्पष्ट


पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा अब तक तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया,

“किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।”



