

रिपोर्ट: ऋषि कपूर,

हल्द्वानी

रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही हल्द्वानी शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। भाई-बहन के इस पावन पर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कहीं बहनें भाइयों के लिए सुंदर-सुंदर राखियों की खरीदारी कर रही हैं तो कहीं भाई बहनों के लिए मिठाई और उपहारों के डिब्बे खरीदते नजर आ रहे हैं।



शहर के तिकोनिया, भोटिया पड़ाव, नैनीताल रोड और हल्दूचौड़ सहित तमाम इलाकों में राखी और मिठाई की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। बाजार में 10 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं।



कलाई पर बांधने के लिए पारंपरिक राखियों से लेकर डिज़ाइनर, कस्टमाइज्ड और बच्चों की पसंदीदा कार्टून राखियों की भी खूब मांग है।


मिठाइयों की बिक्री में उछाल, शुगर फ्री की भी डिमांड
मिठाई दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री में बीते साल की तुलना में अच्छा खासा इज़ाफा देखा जा रहा है। बाजार में केसर बर्फी, चॉकलेट बर्फी, ड्रायफ्रूट लड्डू से लेकर शुगर फ्री मिठाइयों की भी खास डिमांड बनी हुई है। विक्रेताओं के अनुसार, कई ग्राहकों ने अग्रिम बुकिंग कर मिठाई के ऑर्डर भी दिए हैं।


बढ़ती भीड़ से यातायात प्रभावित, शहर में लगा जाम
त्योहारी खरीदारी के चलते शहर की सड़कों पर दिनभर यातायात प्रभावित रहा। मुख्य बाजार क्षेत्रों में एकाएक भीड़ बढ़ जाने से कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। यातायात पुलिस द्वारा व्यवस्थाएं संभालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भीड़ के सामने प्रयास नाकाफी नजर आ रहे हैं।



रक्षाबंधन को लेकर उत्साहित हैं बहनें
बाजार में खरीदारी करने आईं कई बहनों ने बताया कि इस बार राखियों के डिज़ाइनों में बहुत वैरायटी मिल रही है, जिससे चुनाव करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि भाई के लिए राखी चुनना एक खास एहसास होता है और हर बहन चाहती है कि उसकी राखी सबसे सुंदर हो।



