भगवानपुर: गड्ढों में तब्दील सड़कों पर जनता का फूटा गुस्सा, कुर्सी रखकर PWD का किया विरोध

भगवानपुर: गड्ढों में तब्दील सड़कों पर जनता का फूटा गुस्सा, कुर्सी रखकर PWD का किया विरोध

टॉप भगवानपुर
मुरसलीन अल्वी

भगवानपुर से गागालेहड़ी को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों गड्ढों में तब्दील होकर बदहाली के आंसू बहा रही है। इन गड्ढों से परेशान स्थानीय व्यापारियों और लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सड़क के बीचों-बीच गड्ढे में कुर्सी रखकर लोगों ने पीडब्ल्यूडी और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे रायपुर क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में है, लेकिन प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग आंख मूंदे बैठा है


हादसे ने बढ़ाई चिंता

स्थानीय निवासी ने बताया कि रविवार को एक महिला अपने चार दिन के नवजात शिशु को लेकर ई-रिक्शा से घर जा रही थी,

तभी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में रिक्शे का पहिया फंस गया और रिक्शा पलट गया। महिला और उसका बच्चा गड्ढे में भरे पानी में गिर गए। सौभाग्यवश वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाल लिया, नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।


“शिवभक्तों की आवाजाही से भी नहीं टूटी प्रशासन की नींद”

स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के इस पवित्र महीने में हजारों शिवभक्त इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की नींद नहीं टूटी। आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन कोई मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया


सवालों के घेरे में अधिकारी और जनप्रतिनिधि

प्रदर्शनकारियों ने यह भी सवाल उठाया कि इस मार्ग से गुजरने वाले अधिकारी और विधायक खुद इन गड्ढों से होकर निकलते हैं, लेकिन कभी इसकी सुध लेने की ज़रूरत क्यों नहीं समझते? क्या उनकी गाड़ियाँ इन गड्ढों से बचकर उड़ती हैं, या वे आंखें मूंदकर गड्ढों को पार करते हैं?