

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के शिवाजी नगर और 20 बीघा इलाके में एक जंगली हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। बुधवार देर रात हाथी को रिहायशी इलाकों की गलियों में घूमते और घरों के बाहर बनी क्यारियों में फसल खाते हुए देखा गया।



इस घटना की तस्वीरें इलाके के सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हुई हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।



स्थानीय निवासियों के अनुसार, हाथी ने शिवाजी नगर और 20 बीघा की तंग गलियों में प्रवेश किया और कई घरों के बाहर लगे पौधों और फसलों को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, अब तक किसी भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन लोगों के मन में दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हाथी मदमस्त हालत में बेधड़क गलियों में घूम रहा है और आसपास के इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने और हाथी को आबादी से दूर करने की मांग की है।


वन विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की योजना बनाई जा रही है।



