हरिद्वार में जहर खुरानी कांड: नौकरानी ने ज्वेलर्स कारोबारी परिवार को बनाया शिकार

हरिद्वार में जहर खुरानी कांड: नौकरानी ने ज्वेलर्स कारोबारी परिवार को बनाया शिकार

शहजाद अली

हरिद्वार

हरिद्वार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ज्वेलर्स कारोबारी परिवार को उनकी ही घरेलू नौकरानी ने जहरीला खाना खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से लाखों की ज्वेलरी व नकदी लेकर फरार हो गई।

जानकारी के अनुसार, नौकरानी पिछले कुछ समय से कारोबारी के घर पर काम कर रही थी। उसने योजनाबद्ध तरीके से भोजन में ज़हर मिलाया और जैसे ही परिवार के सदस्य बेहोश हुए, वह अलमारियों से बेशकीमती गहने और नकदी समेटकर फरार हो गई।

इस वारदात के बाद से नौकरानी लापता है और उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। जहरीला खाना खाने से कारोबारी दंपत्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी नौकरानी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू नौकरों के सत्यापन और पारिवारिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे घरेलू कर्मचारियों की पृष्ठभूमि की जांच अवश्य कराएं।