काशीपुर को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौग़ात, अस्पताल की बड़ी सौग़ात

काशीपुर को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौग़ात, अस्पताल की बड़ी सौग़ात

लोकेशन-काशीपुर,उत्तराखंड

रिपोर्टर-अज़हर मलिक

उत्तराखंड के काशीपुर में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों का बड़ा ऐलान कर शहरवासियों को दोहरी सौग़ात दी। एक ओर जहां 10 करोड़ रुपये की लागत से 13 नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई,

वहीं दूसरी ओर 65 करोड़ रुपये की लागत से 200 बेड के राजकीय मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण का ऐलान कर क्षेत्र को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया।

मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं की केवल घोषणा नहीं की, बल्कि तुरंत बजट रिलीज़ कर काम शुरू करने के निर्देश भी दिए। इससे पहले की घोषणाओं की तरह यह महज काग़ज़ों तक सीमित न रह जाए, इसे लेकर सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध दिख रही है।

सड़क निर्माण की योजनाएं शहर के भीतर और ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ेंगी, जिससे व्यापार, आवागमन और रोज़गार को गति मिलने की उम्मीद है। वहीं, राजकीय मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण से हज़ारों मरीज़ों को अब देहरादून, हल्द्वानी या दिल्ली जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड अब केवल पहाड़ों की पहचान नहीं, बल्कि तेज़ विकास की उड़ान का प्रतीक बन चुका है। काशीपुर इसका उदाहरण है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन सभी कार्यों की समीक्षा और निगरानी नियमित रूप से होगी ताकि समय पर गुणवत्ता के साथ इनका क्रियान्वयन हो।