पोखरी में मोबाइल टावर की बैटरियां चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार

पोखरी में मोबाइल टावर की बैटरियां चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

चमोली जिले के थाना पोखरी क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरियां भी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को ताली निवासी ओमप्रकाश ने थाना पोखरी में सूचना दी थी। ओमप्रकाश इंडस टावर लिमिटेड कंपनी में केयरटेकर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल टावर के शेल्टर रूम से दो अज्ञात व्यक्ति बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते सड़क की ओर भाग रहे हैं।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पोखरी देवेन्द्र पन्त के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। मोहनखाल चौकी सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग शुरू की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या HR 02 BC 6155, टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरियां बरामद होने का पुलिस ने दावा किया।

पुलिस के मुताबिक सूचना मिलने के दो घंटे से भी कम समय में दोनों संदिग्धों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित रावत, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खल बीरोखाल, थाना थलीसैंण, पौड़ी गढ़वाल और मनीष रमोला, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम छोटी मंडी, थाना धरासू, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इसी मोबाइल टावर से पूर्व में भी बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पोखरी में मुकदमा संख्या 10/2026 के तहत धारा 305(क) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।