पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारंभ, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया उद्घाटन

पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारंभ, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया उद्घाटन

स्थान : पंतनगर (लालकुआँ)
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कृषि मंत्री गणेश जोशी और विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप के साथ मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान राज्यपाल ने किसानों के लिए विकसित नई कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि उपकरणों और उत्पादन बढ़ाने से जुड़ी तकनीकी जानकारियों के बारे में संबंधित विशेषज्ञों से जानकारी ली।

किसान मेले में विभिन्न कृषि संस्थानों, कंपनियों और विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जहां किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र, नई तकनीक और खेती से जुड़ी अन्य जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके बाद गांधी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की जा रही नई और उन्नत कृषि तकनीकों की सराहना की।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कृषि क्षेत्र में मिलेट्स की बढ़ती उपयोगिता पर भी जोर दिया और किसानों को बदलते समय के अनुसार नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया। इससे किसानों को आधुनिक और नवाचार आधारित खेती के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर किसानों से संबंधित विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों और उद्योग जगत को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है।