
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज मासी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।

शिविर में कुल 972 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 810 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं से लाभान्वित किया गया। अलग-अलग विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।



स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें संबंधित विभागों के सामने रखीं। शिविर में कुल 152 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 141 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 47 आवेदन प्राप्त हुए।


विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।



विभागीय स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी दी गई। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिला।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।




शिविर में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, उपज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र सिंह बंगारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष देवी, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक केएन तिवारी और खंड विकास अधिकारी सुंदर दरियाल मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं, प्रमाण पत्रों और जनसमस्याओं के समाधान से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

