चकराता मोटर मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल

चकराता मोटर मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल

स्थान : (त्यूणी) देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

चकराता मोटर मार्ग पर चिल्लाड़ के पास एक फोर्ड कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना शुक्रवार को एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी को मिली। सूचना मिलते ही कांस्टेबल नवीन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि वाहन संख्या UP37P6641 गहरी खाई में गिरा हुआ था। कार में कुल तीन लोग सवार थे और दुर्घटनास्थल तक पहुंचना काफी कठिन था।

हादसे में 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 27 वर्षीय सुनील मंडल और ऋषभ, निवासी देहरादून, घायल अवस्था में वाहन के पास फंसे हुए थे।

दुर्गम भूभाग और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ जवानों ने सावधानी के साथ खाई में उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई।

टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी त्यूणी भेजा, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

एसडीआरएफ ने मृतक दुर्गेश चौधरी के शव को भी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।