


रुड़की

रिपोर्ट -अरशद हुसैन

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास रविवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश रोहित पुत्र महावीर सिंह निवासी करौंदी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली रोहित के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



पुलिस के अनुसार, हाल ही में सालियर गांव में एक विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई थी, जहां रोहित ने फायरिंग की थी। इस घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ था और रोहित मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी।



रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रोहित बाइक पर सालियर क्षेत्र से गुजर रहा है। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक गोली रोहित के पैर में जा लगी।


जानकारी के मुताबिक, रोहित के खिलाफ पूर्व में भी आठ से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


पुलिस ने बताया कि मौके से हथियार बरामद किए गए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।



