चारधाम यात्रा और बुध पूर्णिमा स्नान को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस प्रशासन, बॉर्डर पर कड़ी निगरानी

चारधाम यात्रा और बुध पूर्णिमा स्नान को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस प्रशासन, बॉर्डर पर कड़ी निगरानी

टॉप – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और सोमवार को होने वाले बुध पूर्णिमा स्नान के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। खासतौर पर हरिद्वार और यूपी सीमा से लगते नारसन बॉर्डर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

चारधाम यात्रा में देशभर से आने वाले वाहनों के सुचारू संचालन के लिए ग्रीन कार्ड की अनिवार्यता लागू की गई है। इस प्रक्रिया को संभालने के लिए संभागीय परिवहन विभाग (एआरटीओ) की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई गई हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने जानकारी दी कि सोमवार को हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के स्नान के लिए आने की संभावना है, जिसे देखते हुए ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान तैयार किया गया है। भारी वाहनों को बॉर्डर से डायवर्ट किया जाएगा ताकि आम यात्रियों को परेशानी न हो।

एआरटीओ एल्विन रॉक्सी ने बताया कि नारसन बॉर्डर पर चारधाम यात्रा के लिए आने वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों को हर संभव सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ी है, लेकिन इसका यात्रा पर स्थायी प्रभाव नहीं पड़ा है। बीते कुछ दिनों से यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके