अंसारी कॉलोनी में चला सत्यापन अभियान, जमीन और दस्तावेजों में भारी अनियमितताएं उजागर

अंसारी कॉलोनी में चला सत्यापन अभियान, जमीन और दस्तावेजों में भारी अनियमितताएं उजागर

रिपोर्टर -पंकज सक्सेना

हल्द्वानी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत आज गोलापुर स्थित बागजाला क्षेत्र की अंसारी कॉलोनी में पुलिस प्रशासन ने व्यापक जांच की। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं और दस्तावेजीय गड़बड़ियां सामने आईं, जो प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।

अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी नितिन लोहानी, शहर कोतवाल राजेश यादव और महिला एस आई पूजा कोरंगा ने किया। मौके पर सघन जांच के दौरान सामने आया कि अंसारी कॉलोनी कागजों में ‘पंत कॉलोनी’ के नाम से दर्ज है, जबकि स्थानीय लोग इसे अंसारी कॉलोनी के नाम से जानते हैं। यह नाम सरकारी रिकॉर्ड में परिवर्तन किए बिना ही लोकप्रिय हो गया, जो अपने आप में कानूनी रूप से गंभीर मामला है।

सत्यापन के दौरान कुछ लोगों के आधार कार्ड में कई मकानों के नंबर दर्ज पाए गए, जबकि बिजली के बिल और अन्य दस्तावेजों में अलग-अलग पते सामने आए। लोगों ने बताया कि उन्हें केवल ₹100 के स्टांप पेपर पर जमीन बेची गई, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही दाखिल-खारिज। फिर भी वे 10 से 15 वर्षों से वहां रह रहे हैं

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि कम से कम अब हकीकत सामने आ रही है कि किन लोगों ने हमारे साथ क्या किया।

क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी और कोतवाल ने बताया कि कॉलोनी का नाम अपने मन से बदलना नियमों के खिलाफ है। “नाम परिवर्तन का अधिकार केवल शासन के पास होता है, लेकिन यहां यह कार्य स्वेच्छा से कर लिया गया, जिसकी हम गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जल्द ही रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जाएगी और जरूरी कार्रवाई भी की जाएगी।