


ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

शहर के कोयल ग्रांड क्षेत्र में अवैध रूप से एक बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण जारी है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। बिना मानकों और सुरक्षा उपायों के चल रहे निर्माण कार्य से क्षेत्र में खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।



जानकारी के अनुसार, इस अवैध बिल्डिंग में काम कर रहे मजदूर बिना किसी सेफ्टी उपकरण के ऊंचाई पर निर्माण कार्य कर रहे हैं। कुछ दिन पहले इस लापरवाही का खामियाजा एक फल विक्रेता युवक को भुगतना पड़ा, जब बिल्डिंग की छत से ट्रॉली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।


घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर एमडीडीए और अवैध निर्माण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक न तो निर्माण कार्य रोका गया है और न ही कोई जांच अधिकारी मौके पर पहुँचा है।

स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह मामला राजनीतिक रसूख और धनबल के दबाव में दबाया जा रहा है। एमडीडीए के सहायक अभियंता शशांक सक्सेना से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।


सूत्रों के अनुसार, यह मामला एसडीडीए के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासन की निष्क्रियता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों की मांग है कि एमडीडीए तत्काल इस अवैध निर्माण की जांच कर कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


