ऑपरेशन सिंदूर पर पूर्व सीएम हरीश रावत की प्रतिक्रिया: “सेना को सलाम, अब कोई सुरक्षित नहीं”

ऑपरेशन सिंदूर पर पूर्व सीएम हरीश रावत की प्रतिक्रिया: “सेना को सलाम, अब कोई सुरक्षित नहीं”

देहरादून

भारतीय सेना द्वारा हाल ही में किए गए साहसिक अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सेना को नमन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि भारत की ओर उठने वाली हर आँख को करारा जवाब मिलेगा।

अपने बयान में हरीश रावत ने कहा, “हमारी सेना ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर कोई लूटे और भारत चुप रहे — ऐसा नहीं होगा। आतंकवादी चाहे दुनिया के किसी भी कोने में हों, भारत उन्हें ढूंढकर जवाब देगा।”

उन्होंने पाकिस्तान पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान अपनी हठधर्मी सोच से बाज नहीं आया तो अगली बार भारत का निशाना सिर्फ आतंकी ठिकाने नहीं, बल्कि वह जमीन भी होगी जहां से यह जहरीली विचारधारा जन्म लेती है।

जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों को चेतावनी देते हुए रावत ने कहा, “अब उनके लिए दुनिया में कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है। भारतीय सेना की मार और भारत की नीयत दोनों साफ हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को साहस और रणनीति का प्रतीक बताते हुए कहा, “हम सब एक हैं, सारा भारत एक है। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और सेना को पूरे देश का समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने इस सफल अभियान के लिए भारतीय सेना को दिल से बधाई और श्रद्धांजलि दी।