मुखानी क्षेत्र में बाहरी लोगों के सत्यापन को लेकर चला पुलिस का विशेष अभियान

मुखानी क्षेत्र में बाहरी लोगों के सत्यापन को लेकर चला पुलिस का विशेष अभियान

स्थान : हल्द्वानी

शहर में बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सोमवार सुबह एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान सीओ नितिन लोहनी के नेतृत्व में तड़के 6 बजे मुखानी थाना क्षेत्र में शुरू हुआ।

मुखानी थाना प्रभारी विजय मेहता की अगुवाई में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान नारायण नगर और कटघरिया क्षेत्रों में बाहर से आए लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। पुलिस ने यह भी जानकारी जुटाई कि ये लोग कौन हैं, क्या काम करते हैं और हल्द्वानी आने का उद्देश्य क्या है।

सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया गया है, और यह आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सत्यापन की यह प्रक्रिया अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे बल्कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान में भी मददगार साबित होंगे।