
स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर नगर पालिका परिसर में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते नगर पालिका से जुड़ी कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और इसका सीधा असर शहर की आम जनता पर पड़ रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने आंदोलनरत कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित को देखते हुए हड़ताल और कार्य बहिष्कार समाप्त कर काम पर लौटने का अनुरोध किया। पालिका अध्यक्ष ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते हुए समाधान के प्रयास किए जाने की बात कही।



बताया जा रहा है कि नगर पालिका कर्मचारी पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर हैं। कर्मचारियों के काम पर न लौटने के कारण शहर में सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।

कूड़े का नियमित उठान नहीं होने से शहर के कई इलाकों में घरों और रास्तों के आसपास कूड़े के ढेर जमा होने लगे हैं। इससे स्थानीय लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ सकती है।



हड़ताल का असर नगर पालिका कार्यालय के अन्य कामकाज पर भी दिखाई दे रहा है। पालिका से संबंधित विभिन्न प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर नहीं बन पा रहे हैं, जिसके कारण लोगों के कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित हो गए हैं।
आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भाजपा नेताओं की ओर से उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। कर्मचारियों के अनुसार इसी आश्वासन के बाद उन्होंने अपना आमरण अनशन समाप्त किया था, लेकिन करीब दो माह बीतने के बावजूद उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।




कर्मचारियों में इस बात को लेकर खासा नाराजगी दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि लंबे समय से स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई जा रही है, लेकिन केवल आश्वासन मिलने से उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी स्थायी नियुक्ति की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं हड़ताल लंबी खिंचने से शहर की सफाई व्यवस्था और नगर पालिका से जुड़े जनहित के कार्यों पर असर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

